मंगलवार, 7 जून 2011

उमा की भाजपा में वापसी,यूपी की जिम्मेदारी

उमा की भाजपा में वापसी,यूपी की जिम्मेदारी 
 

नई दिल्ली/भोपाल। मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की करीब छह साल बाद भाजपा में वापसी हो गई। भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने उमा की पार्टी में वापसी की घोषणा की। उमा भारती को उत्तर प्रदेश का प्रभार सौंपा गया है। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में प्रचार की कमान उमा के हाथ में रहेगी। गडकरी ने कहा कि संसदीय बोर्ड के सभी सदस्यों व उत्तर प्रदेश के पार्टी नेताओं की सहमति के बाद उमा को भाजपा में वापस लाने पर फैसला हुआ।

पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरूंगी
भाजपा में वापसी के बाद उमा ने कहा कि पार्टी से अलग होकर भी उन्होंने विचारों से कभी समझौता नहीं किया। उमा ने कहा कि वह पिछली बातों को भूला चुकी है। उमा ने कहा कि वह पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने की कोशिश करेगी।

भोपाल में उमा के घर जश्न का माहौल
उमा की भाजपा में वापसी के बाद भोपाल के भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है।
उमा भारती के घर पर ढ़ोल-नगाड़ों की गूंज है। उमा के समर्थक और रिश्तेदार एक-दूसरे
को बधाई दे रहे हैं और मिठाईयां खिला रहे हैं। 



संघ प्रमुख से मिली थी हरी झंडी
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में हुई भाजपा कार्यसमिति की बैठक के दौरान उमा की पार्टी में वापसी पर फैसला हो गया था। बैठक के दौरान ही गडकरी संघ प्रमुख मोहन भागवत से मिलने नागपुर गए थे। संघ प्रमुख ने भी उमा की वापसी को हरी झंडी दे दी थी। उमा भारती ने पार्टी के वरिष्ठ नेता अरूण जेटली सहित कई नेताओं पर अपनी अनदेखी का आरोप लगाया था। पार्टी नेता लालकृष्ण आडवाणी की प्रेस कांफ्रेंस ने उमा ने कहा था कि कुछ नेता उनके खिलाफ अभियान चला रहे हैं। इसके बाद उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया गया था। सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष प्रभात झा व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह उमा की भाजपा में वापसी के विरोध में थे लेकिन उत्तर प्रदेश में पिछड़ों के बीच पार्टी की पैठ बनाने के लिए उमा की पार्टी में वापसी कराई गई है। 

1 टिप्पणी: