बुधवार, 8 जून 2011

स्वामी रामदेव मामले में वसुंधरा राजे ने दी गिरफ्तारी


स्वामी रामदेव मामले में वसुंधरा राजे ने दी गिरफ्तारी


राजभवन पर राज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देने जा रहे थे भाजपा नेता लेकिन पुलिस ने बीच रास्ते ही रोक लिया


जयपुर। स्वामी रामदेव के सत्याग्रह पर हुई कार्रवाई के विरोध में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिए जाने के दौरान प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने राजभवन नहीं जाने दिया। उन्हें सिविल लाइन फाटक से पहले ही रास्ते में ही रोक दिया गया। इसके विरोध में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे व प्रदेशाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी समेत कई भाजपा नेताओं ने गिरफ्तारी दी।


इससे पहले शहर भाजपा के सभी मंडलों पर पुतला दहन का कार्यक्रम रखा गया। घटना के विरोध स्वरूप भाजपा के हवामहल, किशनपोल, सिविल लाइन, आमेर, आदर्शनगर, मालवीय नगर, सांगानेर, विद्याधर नगर, झोटवाड़ा, बगरू व चाकसू मंडल के पदाधिकारियों ने क्षेत्र में प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह का पुतला दहन किया। इसके बाद कार्यकर्ता प्रदेश कार्यालय पर एकत्रित हुए। यहां से भाजपा नेताओं का जुलूस राजभवन के लिए रवाना हुआ।


भाजपा की ओर से राज्यपाल को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया जाना था लेकिन पुलिस प्रशासन ने बीच रास्ते ही रोक लिया। इस पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। इस पर पुलिस प्रशासन ने सीआरपीसी की धारा 129 के तहत भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। बाद में उन्हें उद्योग मैदान व प्रदेश कार्यालय पर छोड़ दिया गया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें