सोमवार, 20 जून 2011

जयपाल रेड्डी की भानजी की मौत,पति पर केस




जयपाल रेड्डी की भानजी की मौत,पति पर केस 
 

हैदराबाद। केन्द्रीय पेट्रोलियम मंत्री एस जयपाल रेड्डी की भानजी डॉ किरण रेड्डी की शनिवार को हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित घर पर रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई।

किरण के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति चैतन्य रेड्डी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। चैतन्य और किरण की पांच साल पहले शादी हुई थी। दोनों के चार साल की बेटी है। डॉ किरण रेड्डी जयपाल रेड्डी की छोटी बहन भारती की बेटी थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक किरण के भाई सुनील ने शुक्रवार को एक पार्टी दी थी। किरण और चैतन्य इस पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी के बाद दोनों घर लौट आए और अपने अपने कमरे में सो गए।

शनिवार को जब चैतन्य उठे तो उन्होंने देखा कि किरण अपने बेड पर बेहोश अवस्था में पड़ी है। वह तुरंत उसको लेकर अपोलो अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में ही किरण की मौत हो गई। किरण के परिजनों का कहना है कि किरण की हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस में शिकायत की है कि हत्या में किरण के पति व उसके परिवार वालों का हाथ है। पुलिस ने उनकी शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें