रविवार, 19 जून 2011

लड़की से बलात्कार किया ,उसके बाद उसकी आंख फोड़ दी


कन्नौज. उत्तर प्रदेश में नाबालिग लड़कियों पर अत्याचार की घटनाएं थम नहीं रही हैं। कन्नौज में एक १४ साल की लड़की से बलात्कार किया गया और उसके बाद उसकी आंख फोड़ दी गई। इस मामले में एक सब इंस्पेक्टर सहित दो पुलिसकर्मियों को समय पर रिपोर्ट न लिखने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। दोनों आरोपी अभी भी फरार हैं।
पिछले सप्ताह ही लखीमपुर खीरी में एक लड़की की हत्या कर, लाश को पुलिस थाना परिसर में एक पेड़ से लटका दिया गया था। ताजा घटना कन्नौज के गुरपुरवा गांव की है। आरोपी कुलदीप और निरंजन यादव उसे रास्ते में रोककर पहले खेतों में ले गए, जहां उसे घसीटा और फिर बलात्कार किया। इसके बाद उसकी दोनों आंखों में चाकू से वार किए। बाद में वे बेहोश लड़की को खेत में ही छोड़कर फरार हो गए। गांव वालों को जानकारी मिलने के बाद वे उसे अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों ने बताया कि लड़की की एक आंख की रोशनी पूरी तरह चली गई है और शायद ही सामान्य स्थिति में आ पाएगी। उसे इलाज के लिए कानपुर भेजा गया है। दोनों आरोपी फरार हैं।
प्रशासन ने एक सब इंस्पेक्टर सहित दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इन्हें घटना को लेकर तत्काल कार्रवाई न करने और एफआईआर न दर्ज करने के आरोप में निलंबित किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बलात्कार और हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज कर लिया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें