गुरुवार, 24 मार्च 2011

थार महोत्सव कला व संस्कृति का अनूठा संगम







पावणा पधारो म्हारे देस 
सात समंदर पार से आने वाले विदेशी पर्यटकों की पहली पसंद यहां की कला व संस्कृति है। स्वर्णनगरी पर्यटकों की पहली पसंद बन चुका है। यहां आने वाले सैलानियों को धोरों पर घूमना व झूपों में रहना रास आ रहा है। थार महोत्सव के माध्यम से संदेश दिया गया कि बाढ़ाणा में पर्यटन की विपुल संभावनाएं है। यहां भी कला व संस्कृति का अनूठा संगम है।

थार महोत्सव के तहत बुधवार शाम 4 बजे महाबार के धोरों पर ऊंट, घोड़ा दौड़ प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें ग्रामीणों ने उत्साह दिखाया। इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए दूर दराज गांवों से ग्रामीण सजधज कर पहुंचे। पारंपरिक वेशभूषा में आए ग्रामीण ऊंट, घोड़ों पर सवार होकर रेस में शामिल हुए। दौड़ शुरू होने पर दर्शकों ने तालियां बजाकर हौसला अफजाई की। इस कड़े मुकाबले में हर कोई आगे निकलने के लिए आतुर नजर आया। इस मौके पर बीएसएफ के जवान भी ऊंट लेकर मैदान में पहुंचे। जहां जवानों ने ऊंटों पर हैरतअंगेज करतब दिखाकर खूब तालियां बटोरी। इस मौके पर जिला कलेक्टर गौरव गोयल, स्वामी प्रतापपुरी सहित कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे। विजेताओं को नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।

थार महोत्सव के आगाज के बाद स्थानीय आदर्श स्टेडियम में रंगारंग कार्यक्रम के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह से भाग लिया। आंगी गेर दलों ने ढोल की थाप व थाली की टंकार पर गेर नृत्य प्रस्तुत किया। इस दौरान ढोल वादन, ऊंट श्रृंगार, रंगोली, मेहंदी, साफा बांध, दादा पोता दौड़, मूंछ समेत कई प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। जिला कलेक्टर गौरव गोयल व जिला प्रमुख मदनकौर ने ढोल बजाकर कार्यक्रम का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। इसके बाद प्रतियोगिताओं का दौर शुरू हुआ। दादा पोता दौड़, रस्सा कस्सी, मटका दौड़ व थार श्री व थार सुंदरी प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रही।
 


रेत के समंदर में हिलोरे मारती विकास की उम्मीदें और वक्त की रफ्तार के साथ बढ़ते कदमों ने विश्व पटल पर बाड़मेर की अमिट छाप छोड़ी है। थार की परंपराओं को फिर से जीवंत करने का साझा प्रयास थार महोत्सव में देखने को मिला। पुरखों ने दशकों तक परंपराओं का निर्वहन बखूबी से करते हुए इन्हें जिंदा रखा ताकि युवा पीढ़ी का मोह जुड़ा रहे। यहां के गेर, कालबेलिया नृत्य लुप्त होने के कगार पर है। वहीं होली, दीपावली पर होने वाली ऊंट, घुड़ दौड़ प्रतियोगिताएं भी बीते जमाने की बात हो गई। महोत्सव में कला व संस्कृति फिर से जीवंत हो गई। कलाकारों ने पारंपरिक वेशभूषा में शानदार प्रस्तुतियां के माध्यम से जागरूकता का संदेश दिया।

बारिश ने भी किया स्वागत : महाबार धोरों में आयोजित कैमल व हॉर्स सफारी प्रतियोगिता के दौरान मौसम पलटी खा जाने से अचानक बारिश शुरू हो गई।



धोरों पर बही सूर सरिता, आतिशबाजी के नजारों ने मनमोहा 

महाबार में बुधवार रात को सांस्कृतिक संध्या में लोक कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां से समा बांध दिया। सुरमयी सांझ में लोक गीतों की धून ने वातावरण में मिठास घोल दी। कलाकारों ने आपसी जुगलबंदी पर हैरतअंगेज करतब दिखाए। गुजरात के कलाकारों की टीम ने विभिन्न मुद्राओं में नृत्य पेश कर खूब तालियां बटोरी। लोक कलाकार अनवर खां ने निंबूड़ा निंबूड़ा.. लोक गीत प्रस्तुत किया। पुष्कर प्रदीप एण्ड पार्टी ने जंवाई जी पावणा.. गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। अंतरराष्ट्रीय कलाकार स्वरूप पंवार ने भवाई नृत्य पेश कर संतुलन का अद्भूत करिश्मा दिखाया। अलगोजा वादक धोधे खां ने अलगोजा पर रूमाल गीत प्रस्तुत कर खूब तालिया बटोरी। जैसलमेर के कलाकार उदाराम ने अग्नि नृत्य पेश किया। अलवर के कलाकारों ने कालबेलिया नृत्य कालियो कूद पडय़ो मेला..प्रस्तुत किया। ठिठक गए चांद सितारे: महाबार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के बाद आतिशबाजी के नजारे मनमोहक थे। पटाखों की गूंज के साथ रंग बिरंग रोशनी कभी जमीं तो कभी आसमान पर नजर आई। आकर्षक आतिशबाजी का लोगों ने धोरों पर बैठकर लुत्फ उठाया। करीब आधे घंटे तक चली आतिशबाजी के बाद कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।

1 टिप्पणी: